सोनिया सहित हजारों समर्थकों ने दी करुणाकरन को श्रद्धांजलि
दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री करुणाकरन की अंतिम यात्रा राजधानी में शुक्रवार को शुरू हुई। अंतिम संस्कार से पहले उनका शव पार्टी मुख्यालय लाया गया।
नई दिल्ली से विशेष विमान से तिरूवनंतपुरम पहुंचीं सोनिया ने करुणाकरन को श्रद्धांजलि दी और वह पांच मिनट तक वहां रहीं। इस दौरान उन्होंने करुणाकरन के परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने भी करुणाकरन को श्रद्धांजलि दी।
उल्लेखनीय है कि करुणाकरन ने तिरुवनंतपुरम के एक निजी अस्पताल में गुरुवार शाम 5.30 बजे अंतिम सांस ली। अस्पताल से करुणाकरन का शव ले जाते समय ही हजारों लोग सड़कों पर अपने नेता के अंतिम दर्शन के लिए उतर आए।
करुणाकरन का शव शुक्रवार सुबह 8.15 बजे पार्टी मुख्यालय लाया गया, जहां लोग अपने नेता को अंतिम बिदाई देने के लिए एकत्र हुए थे। उनके शव को राज्य सचिवालय के दरबार हाल में भी रखा जाएगा।
करुणाकरन का अंतिम संस्कार उनके गृहनगर त्रिशूर में शनिवार को किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के भी शामिल होने की उम्मीद है।
पार्टी नेताओं के मुताबिक करुणाकरन की अंतिम यात्रा के दौरान उनके शव को कोल्लम, अलपुझा और एर्नाकुलम में थोड़े-थोड़े समय के लिए रखा जाएगा ताकि लोग अपने नेता को श्रद्धांजलि दे सकें। राज्य सरकार ने शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह से ही करुणाकरन की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई थी और उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। कुछ दिनों में उनकी स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ था लेकिन बुधवार को अचानक दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे पुत्र के. मुरलीधरन और पुत्री पद्मजा वेणुगोपाल को छोड़ गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications