कलमाडी के आवास, दफ्तर पर सीबीआई छापे (लीड-3)
सीबीआई ने कहा कि अधिकारियों की टीम ने दिल्ली एवं पुणे में स्थित कलमाडी के एक-एक अवास, आयोजन समिति के दिल्ली स्थित दफ्तर और पुणे में उनके एक सहयोगी के घर छापेमारी की। छापेमारी शुक्रवार सुबह सात बजे शुरू हुई।
सीबीआई की पुलिस उप महानिरीक्षक विनीता ठाकुर ने आईएएनएस से कहा, "आज सुबह-सुबह छोपमारी हुई। दिल्ली और पुणे के कुल चार जगहों पर छोपमारी की गई। खोजबीन अभी जारी है।"
पुणे में सूत्रों ने बताया कि कार्वे रोड पर स्थित कलमाडी के आवास पर सीबीआई के सात सदस्यीय दल ने सुबह करीब 7.30 बजे छापेमारी की। उनके करीब मनोज भोरे के घर की भी तलाशी ली गई।
सीबीआई एक कम्पनी से 107 करोड़ रुपये में टाइम स्कोरिंग बोर्ड की हुई खरीददारी में धांधली की जांच कर रही है।
कलमाडी ने दावा किया है कि उन्होंने कोई गड़बड़ी नहीं की है और किसी भी तरह की जांच के लिए वह तैयार हैं।
आईएएनएस की तमाम कोशिशों के बावजूद कलमाडी से सम्पर्क नहीं साधा जा सका। आयोजन समिति के महासचिव ललित भनोट और कोषाध्यक्ष ए. के. मट्ट से भी सम्पर्क नहीं हो सका।
कलमाडी कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता हैं और वर्ष 2009 में वह पुणे से तीसरी बार लोकसभा के लिए चुने गए। वह चार बार राज्यसभा के भी सदस्य रहे हैं।
कलमाडी के तीन और सहयोगी टी. एस. दरबारी, संजय महेंद्रू और एम. जयचंद्रन खेलों के आयोजन से जुड़े एक अन्य वित्तीय धांधली के मामले में जेल में बंद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications