बिहार में 2011 होगा 'मातृत्व वर्ष'
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी चौबे ने शुक्रवार को बताया कि स्वास्थ्य विभाग राज्य में माताओं के स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने माना कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी महिलाओं को कई रोगों की सही जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका विभाग अगले वर्ष को 'मातृत्व वर्ष' के रूप में मनाएगा और इसके लिए तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि 'मातृत्व वर्ष' में राज्य की माताओं के स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में आने वाले वित्तीय वर्ष में स्वास्थ्य विभाग का बजट बड़ा होगा।
उन्होंने बताया कि राज्य के 11 अस्पतालों को बड़े अस्पतालों के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इस आशय का प्रस्ताव शीघ्र ही मंत्रिमंडल की बैठक में स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद इस दिशा में कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देशी चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार ने कई अहम कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार पटना के क्षेत्रीय यूनानी अनुसंधान केंद्र का विस्तार करने जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications