सीबीआई ने राजा से पूछताछ की (लीड-1)
सीबीआई के एक अधिकारी ने कहा कि राजा सुबह लगभग 10.30 बजे सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंचे। राजा बुधवार को दिल्ली आए थे और उन्होंने कहा था कि वह जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग करेंगे।
लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजा के खिलाफ सीबीआई की कार्रवाई को देर से की गई, नाकाफी कार्रवाई करार दिया है। भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूड़ी ने कहा, "सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद सीबीआई सक्रिय हुई है, और हम उम्मीद करते हैं कि सीबीआई कुछ ठोस सबूत के साथ सामने आएगी।"
जिस समय राजा संचार मंत्री थे, उस दौरान मोबाइल कम्पनियों को बाजार की कीमत से कम दर पर स्पेक्ट्रम आवंटित किए गए थे, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ था। इस घोटाले के कारण पिछले महीने राजा को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
राजा ने खुद पर लगे इन आरोपों से इंकार किया है। सोमवार को उन्होंने कहा था कि उन्होंने सीबीआई से समय मांगा था, क्योंकि उन्हें चेन्नई में कुछ निजी काम था और वह पूछताछ के लिए दूसरी तारीख चाहते थे।
सीबीआई ने आठ दिसम्बर को नई दिल्ली और तमिलनाडु स्थित राजा के आवासों और उनके रिश्तेदारों व सहयोगियों के आवासों तथा व्यापारिक परिसरों की तलाशी ली थी।
सीबीआई ने कॉरपोरेट लॉबिस्ट नीरा राडिया के परिसरों और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.करुणानिधि की बेटी व सांसद एम.कनिमोझी से सम्बंधित एक गैर सरकारी संगठन के कार्यालय पर भी छापे मारे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications