WTO में अमेरिका ने चीन की शिकायत की
समाचार पत्र 'वाशिंगटन पोस्ट' के मुताबिक यह शिकायत बुधवार को दर्ज करवाई गई। सितम्बर में अमेरिका के इस्पात मजदूर संघों की संस्था ने कहा था कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चीनी पवन और सौर्य ऊर्जा उपकरण इसलिए सस्ते हैं क्योंकि वहां इस क्षेत्र की कम्पनियों को सब्सिडी मुहैया करवाई जा रही है।
राष्ट्रपति बराक ओबामा ने शिकायत में कहा है कि यह वैश्विक व्यापार नियमों का उल्लंघन है। उल्लेखनीय है कि चीन और अमेरिका के बीच कई अन्य व्यापारिक मुद्दों पर मतभेद हैं। इसमें चीनी मुद्रा की कम कीमत और चीन में अमेरिकी गोमांस के आयात पर लगी रोक शामिल है। यदि मामले में ओबामा प्रशासन की जीत होती है तो वह अमेरिकी कम्पनियों को जितना नुकसान हुआ है उसके मुताबिक चीनी उत्पादों पर जुर्माना लगा सकेगा।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि रोम क्रिक ने कहा कि चीनी सरकार जिस तरह की सब्सिडी मुहैया करवा रही है वह घातक है और स्वाभाविक रूप से विकृत व्यापार का उदाहरण है। डब्ल्यूटीओ में मामले के जाने के बाद सबसे पहले यह संगठन दोनों देशों के बीच बातचीत करवाएगा और यदि बातचीत के माध्यम से समाधान नहीं निकलता है तो वह इस पर सुनवाई के लिए एक पैनल का गठन करेगा।
आईएएनएस













Click it and Unblock the Notifications