अश्लील नृत्य मामले में 3 अधिकारी सहित 7 स्वास्थ्यकर्मी निलंबित
लखनऊ, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य महानिदेशालय के परिसर में अश्लील नृत्य आयोजन में कथित संलिप्तता के मामले में तीन अधिकारियों सहित सात स्वास्थ्यकर्मियों को गुरुवार को निलंबित कर दिया गया।
स्वास्थ्य महानिदेशालय की तरफ से गुरुवार देर शाम जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। निलंबित होने वालों में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक रामजी लाल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अपर निदेशक आर.बी.सिंह और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक रमेश चंद्र के अलावा अन्य चार स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार निलंबन की यह कार्रवाई राज्य के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा महानिदेशक एस.पी.राम द्वारा गठित तीन सदस्यीय समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर की गई।
ज्ञात हो कि कैसरबाग इलाके स्थित स्वास्थ्य महानिदेशालय परिसर में बुधवार रात स्वास्थ्यकर्मियों के संगठन द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान लड़कियों से कथित अश्लील नृत्य करवाया गया था। समारोह में न केवल अश्लील नृत्य हुआ, बल्कि कथित रूप से शराब भी परोसी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications