दिल्ली में 400 केंद्रों पर प्याज मिलेंगे 40 रुपये किलो
दिल्ली के 400 केंद्रों (आउटलेट), 85 केंद्रीय भंडारों, पांच नेफेड आउटलेट और नेशनल कॉपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एनसीसीएफ) के 13 आउटलेट पर 40 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज की बिक्री गुरुवार शाम से शुरू हो गई।
इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कुछ वरिष्ठ अधिकारियों और आजादपुर सब्जी मंडी के थोक व्यापारियों के साथ एक बैठक कर इन केंद्रों पर 40 रुपये की दर से प्याज बेचने का फैसला लिया।
बैठक के बाद दीक्षित ने संवाददाताओं से कहा कि एक व्यक्ति दो किलो प्याज खरीद सकता है। स्थिति पर नजर रखी जाएगी और प्याज की कीमत को और कम करने की कोशिश की जाएगी।
दीक्षित ने कहा कि आजादपुर सब्जी मंडी में प्याज की आपूर्ति बढ़ रही है। यहां 21 दिसंबर को 1,144 टन की आपूर्ति थी, 22 दिसंबर को 1,941 टन की आपूर्ति हुई और आज (गुरुवार) सुबह तक 1,245 टन की आपूर्ति हो चुकी है। गुरुवार को कुल 2,000 टन आपूर्ति होने की उम्मीद है।
टमाटर की किल्लत की खबर को खारिज करते हुए दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री राज कुमार चौहान ने कहा कि गुरुवार को आजादपुर मंडी में 153 टन टमाटर नहीं बिक पाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications