मक्का मस्जिद विस्फोट : इंद्रेश से सीबीआई ने की पूछताछ (लीड-1)
गुरुवार दोपहर को सीबीआई कार्यालय आने के बाद कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें देश की संस्थाओं में पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि मैं निर्दोष साबित होऊंगा।"
उन्होंने कहा, "यह कांग्रेस द्वारा रची गई राजनीतिक साजिश है। मुझे इस बात की जानकारी नहीं है कि क्यों मुझे बुलाया गया है। कानून का सम्मान करने वाले एक नागरिक की तरह मैं उनके सवालों का जवाब देने आया हूं।"
कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने दोस्तों व सहयोगियों से कहा है कि वे इस पूछताछ का शांतिपूर्ण विरोध करें। "मैं निर्दोष हूं और मुझे देश की न्यायिक प्रक्रिया और जनता पर पूरा भरोसा है।"
सीबीआई द्वारा दर्ज मामले में कुमार का नाम सामने आया है हालांकि उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है। सीबीआई ने पूछताछ के लिए उन्हें सम्मन भेजा था।
वर्ष 2007 में मक्का मस्जिद में विस्फोट हुआ था जिसमें नौ लोगों की मौत हुई थी। विस्फोट के बाद पुलिस की गोलीबारी में पांच अन्य लोगों की मौत हुई थी।
इस मामले के छह आरोपियों में से एक जतिन चटर्जी ऊर्फ स्वामी असीमानंद को गत 19 नवम्बर को सीबीआई ने हरिद्वार के करीब गिरफ्तार किया था। सीबीआई अब तक इस मामले में दो प्रमुख आरोपी संदीप सांगे और रामचंद्र कलसांगरा को पकड़ने में विफल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications