करुणाकरन का निधन, शनिवार को होगा अंतिम संस्कार (लीड-1)
कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष रमेश चेन्नीथला ने अस्पताल के बाहर पत्रकारों को बताया कि करुणाकरन का अंतिम संस्कार त्रिशूर स्थित उनके गृह कस्बे में शनिवार सुबह किया जाएगा।
चेन्नीथला ने कहा, "यहां से पार्थिव शरीर को उनके घर ले जाया जाएगा और अगली सुबह उसे पार्टी कार्यालय में रखा जाएगा। अपराह्न् के समय इसे राज्य सचिवालय के दरबार हाल में रखा जाएगा।"
उन्होंने बताया, "यहां से वरिष्ठ नेता के पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए त्रिशूर ले जाया जाएगा। दिवंगत नेता का अंतिम संस्कार वहीं किया जाएगा जहां उनकी पत्नी की अंत्येष्टि की गई थी।"
कांग्रेस ने करुणानिधि के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया और कहा कि उनका निधन पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक ऐसा महान नेता खो दिया है जिनकी कमी हर कांग्रेसी को महसूस होगी।
सोनिया ने जारी शोक संदेश में कहा, "उनके निधन पर मैं अपनी गहरी संवेदना प्रकट करती हूं। उनके निधन से कांग्रेस ने सिर्फ एक महान नेता खो दिया है जो धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्रीय एकता की बड़ी आवाज थे।"
उन्होंने कहा, "पार्टी ने एक ऐसा महान नेता खो दिया है जिनकी कमी देश भर का हर कांग्रेसी महसूस करेगा।"
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "92 वर्षीय करुणाकरन का पार्टी के लिए बड़ा सदमा है। वह पार्टी के सबसे बड़े और अत्यधिक सम्मानित नेताओं में थे।"
उन्होंने कहा कि केरल के चार बार मुख्यमंत्री रह चुके करुणाकरण के निधन से पार्टी को भारी क्षति पहुंची है।
नटराजन ने कहा, "चूंकि वह स्वतंत्रता सेनानी थे इसलिए यह हमारे लिए बड़ा नुकसान है। वह ऐसे नेता थे जिनका कार्यकर्ताओं के बीच बड़ा सम्मान था।"
ज्ञात हो कि पिछले सप्ताह तबियत बिगड़ने पर करुणाकरन को कृत्रिम जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया। कुछ दिनों में उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें कृत्रिम जीवन रक्षक प्रणाली से हटा लिया गया था।
बुजुर्ग नेता की हालत बुधवार सुबह से बिगड़ने लगी और गुरुवार शाम 5.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
करुणाकरन के निधन की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन ने अस्पताल जाकर उनके अंतिम दर्शन किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications