अमेरिकी न्यायालय में उपस्थित नहीं होंगे आईएसआई प्रमुख : गिलानी
'नेशनल असेम्बली' को सम्बोधित करते हुए गिलानी ने कहा कि आईएसआई, "पाकिस्तानी सेना की एक संवेदनशील एजेंसी है और यह अकल्पनीय है कि विदेशी आदेश पर हम अपने अधिकारियों को अमेरिकी न्यायालय में उपस्थित होने के लिए बाध्य करेंगे।"
गिलानी विपक्ष के नेता नीसार अली खान के एक उग्र भाषण पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
खान ने कहा, "स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि बिना सरकार को विश्वास में लिए हमारी खुफिया एजेंसी के प्रमुख को अमेरिका में उपस्थित होने के लिए सम्मन भेजा जा रहा है।"
पाकिस्तान के विदेश विभाग ने बुधवार को कहा था, "अमेरिका में हमारा कार्य सम्मन को प्राप्त करना है और हम मामले की पूरी जानकारी लिए बगैर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।"
अमेरिका के एक न्यायालय ने 26 नवंबर 2008 को मुम्बई के आतंकी हमलों की साजिश रचने के आरोप में आईएसआई प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शुजा पाशा और अन्य अधिकारियों को सम्मन भेजा है।
इन अधिकारियों के अलावा न्यायालय ने आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सरगना जकीउर रहमान लखवी और जमात उद दावा के प्रमुख हाफिज सईद को भी सम्मन जारी किया है।
उल्लेखनीय है कि मुम्बई हमले के अमेरिकी पीड़ित परिवारों ने ब्रूकलिन न्यायालय में मुकदमा दायर किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications