दक्षिण कोरिया का बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास
समाचार एजेंसी डीपीए ने दक्षिण कोरिया की 'योनहाप न्यूज एजेंसी' के हवाले से बताया कि यह सैन्य अभ्यास उत्तरी कोरिया की सीमा से करीब 30 किलोमीटर दूर पोचेआन क्षेत्र में शुरू किया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक इस युद्धाभ्यास में 100 से अधिक प्रकार के हथियारों को शामिल किया गया है।
युद्धाभ्यास में तोप, विमानरोधी बंदूकें, आक्रमणकारी हेलीकॉप्टर और लड़ाकू जेट ने हिस्सा लिया। एक सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि गोलाबारी करीब दो घंटे तक की गई।
ज्ञात हो कि गत 23 नवंबर को उत्तर कोरिया द्वारा योंगप्यांग द्वीप पर तोपों से किए गए हमलों में दक्षिण कोरिया के दो जवानों और दो नागरिकों की जान चली गई। इस पर जवाबी कार्रवाई न करने पर दक्षिण कोरिया सरकार को घरेलू स्तर पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
इसके बाद से दक्षिण कोरिया ने अपने रुख में बदलाव किया है।
उधर, अमेरिका ने इस सैन्य अभ्यास पर उत्तर कोरिया से प्रतिक्रिया न करने की अपील की।
अमेरिका ने कहा, "इस युद्ध अभ्यास के बारे में पहले ही बता दिया गया था। युद्धाभ्यास पारदर्शी और रक्षात्मक है। यह उत्तर कोरिया को प्रतिक्रिया देने के लिए उकसाता नहीं है।"
उल्लेखनीय है कि दक्षिण कोरिया का यह युद्धाभ्यास शुक्रवार तक होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications