डाबर नेपाल के खिलाफ नई जांच शुरू
काठमांडू, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। नेपाल की बहुराष्ट्रीय कम्पनी डाबर नेपाल के गोदाम पर पड़े छापे के बाद अब उसके सामने एक नई समस्या खड़ी हो गई है। पुलिस ने कथित तौर पर कम्पनी के फ्रुट जूस पीने के कारण पांच लोगों के बीमार पड़ने की घटना की जांच शुरू कर दी है।
काठमांडू से करीब 26 किलोमीटर दूर बनेपा कस्बे में एक परिवार के चार लोग और उनके एक अतिथि बीमार पड़ गए। इलाज के दौरान उन्होंने बताया कि उन्होंने रीयल जूस पिया था।
बीमार पड़े लोग बुधवार को बनेपा कस्बे के स्चीर मेमोरियल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हुए थे।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सक अरुण गुप्ता ने आईएएनएस से बताया कि वे अपने साथ डाबर रीयल फ्रुट जूस के डिब्बे लाए थे। उनमें हालांकि फूड प्वाइजनिंग के संकेत नहीं मिले हैं। बीमारों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस जांच के लिए जूस के डिब्बों को अपने साथ ले गई है।
बीमारी हालांकि अन्य कारणों से भी हो सकती है, लेकिन मीडिया के एक धड़े को इससे डाबर नेपाल के खिलाफ अभियान चलाने का एक और बहाना मिल गया।
पुलिस ने बीमार पड़े परिवार को जूस बेचने वाले दुकान पर भी छापा मारा और जूस के कुछ और डिब्बे जब्त किए।
पुलिस ने बताया कि वह डिब्बों को जांच के लिए काठमांडू भेजेगी।
डाबर नेपाल के दक्षिण नेपाल स्थित गोदाम पर पिछले दिनों नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों के एक दल ने छापा मार कर लगभग 74,000 डिब्बों को जब्त किया था। इनके नमूनों को भी जांच के लिए काठमांडू भेजा गया है।
गोदाम पर पड़े छापे में नवंबर 2010 माह में बने जूस के डिब्बों पर जनवरी 2011 में बनने की तिथि अंकित पाई गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि गोदाम में जब्त डिब्बों की बिक्री पर रोक लगा दिया गया है। केंद्र पर जूस उत्पादन को हालांकि बाधित नहीं किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications