बिहार में मनाया जाएगा 'मद्य निषेध दिवस'
पटना, 23 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार की शराब दुकानों के आगे अब आकर्षक साइन बोर्ड नहीं, बल्कि 'शराब पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है' की वैधानिक चेतावनी लिखी हुई दिखाई देगी। इसके अलावा साल में एक निश्चित तिथि को मद्य निषेध दिवस भी मनाया जाएगा।
राज्य के उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि मंदिर-मस्जिद तथा शिक्षण संस्थानों के आस-पास की शराब दुकानों को हटाने का भी निर्देश दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के दौरान शराब की बेतरतीब खुली दुकानों को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार की जमकर आलोचना की थी। माना जा रहा है कि उसी आलोचना से बचने के लिए सरकार ने कई कदम उठाने का निर्णय लिया है।
यादव ने बताया कि मद्य निषेध को मजबूत करने के लिए राज्य में बड़े पैमाने पर जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब राज्य की शराब दुकानों के सामने 'शराब पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक' लिखा होना अनिवार्य होगा तथा वहां उत्तेजक और आकर्षक साइन बोर्ड नहीं होगा।
सरकार ने वर्ष में एक निश्चित तिथि को मद्य निषेध दिवय मनाने का निर्णय भी लिया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को मद्य निषेध विभाग के मंत्री और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications