राष्ट्रपति से भारद्वाज की शिकायत करेंगे येदियुरप्पा
शिमोगा, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने गुरुवार को कहा कि राज्यपाल हंसराज भारद्वाज द्वारा लगातार प्रदेश सरकार की आलोचना किए जाने की वह राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से शिकायत करेंगे।
येदियुरप्पा ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा, "कल मैं राष्ट्रपति को एक पत्र लिखने जा रहा हूं कि क्या उन्होंने राज्यपालों को ऐसा करने की अनुमति दे रखी है।"
येदियुरप्पा राज्य के राज्यपाल भारद्वाज के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने बुधवार को कहा था कि उनके पास राज्य के भ्रष्ट मंत्रियों की सूची है और कोई भी उसे देख सकता है।
ऐसा पहली बार हो रहा है जब येदियुरप्पा ने खुले तौर पर भारद्वाज पर निशाना साधा है।
भारद्वाज मुख्यमंत्री से जमीन आवंटन को लेकर उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों और रेड्डी बंधुओं के खिलाफ अवैध खनन के मामलों को लेकर सही स्थिति स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं।
येदियुरप्पा ने केंद्रीय कानून मंत्री एम. वीरप्पा मोइली पर भी प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोइली ने गुरुवार सुबह बेंगलुरू में भारद्वाज में मुलाकात की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications