कश्मीर में 5 महीने बाद रेल सेवा बहाल
दक्षिण कश्मीर में स्थित अनंतनाग और बडगाम के सेंट्रल डिस्ट्रीक के बीच रेल सेवा गुरुवार को शुरू हो गई।
एक अधिकारी ने बताया, "पूरी तरह से रेल सेवा की शुरुआत दो चरणों में की जाएगी। अगले चरण के तहत बडगाम से बारामुला के बीच रेल सेवा की शुरुआत की जाएगी। इस रेलखण्ड पर रेल पटरी की मरम्मत का काम नहीं हो पाया है।"
उल्लेखनीय है कि पांच महीने तक चली हिंसा के दौरान बड़े पैमाने पर रेलवे की सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाया गया था। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे स्टेशनों को जला दिया था तथा कई जगहों पर रेल पटरियों को उखाड़ दिया था, जिसके बाद 31 जुलाई से ही रेल सेवाएं स्थगित कर दी गई थीं।
अधिकारी ने कहा, "घाटी में स्थिति सामान्य होने के बाद रेल सेवा शुरू करने का निर्णय 15 दिसम्बर को हुई बैठक में लिया गया था।" अधिकारियों ने रेल पटरियों और सम्पत्तियों की सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए हैं। अनंतनाग से बारामूला तक रेलखण्ड की लम्बाई 119 किलोमीटर है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "रेलवे सम्पत्तियों की सुरक्षा के लिए 1,600 स्थानीय पुलिसकर्मियों, रेलवे सुरक्षा बल के 350 तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 800 जवानों को तैनात किया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications