चंद्र ग्रहण के दौरन सफल रहा चीनी उपग्रह
बीजिंग। चीन के सौर ऊर्जा से संचालित उपग्रह 'चेंज-2' ने चंद्रग्रहण से सम्बंधित परीक्षण और पूर्ण अंधकार में अंतरिक्ष में कई घंटों तक चक्कर लगाने का सफर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह उपग्रह एक अक्टूबर को प्रक्षेपित किया गया था।
'बीजिंग एयरोस्पेस कंट्रोल सेंटर' (बीएसीसी) के उप प्रमुख इंजीनियर झोउ जियानलियांग ने बुधवार को सिन्हुआ समाचार एजेंसी को बताया कि उपग्रह ने स्थानीय समयानुसार मंगलवार को चंद्र ग्रहण शुरू होने के बाद दोपहर 2.50 बजे अंधेरे में प्रवेश किया था और शाम 5.57 बजे (अंतर्राष्ट्रीय समयानुसार 9.57 बजे) वह चंद्र ग्रहण से बाहर निकला।
तीन घंटे के चंद्र ग्रहण के दौरान इस उपग्रह को बैटरी के जरिए ऊर्जा मिलती रही और उस दौरान वह शून्य से नीचे करीब 200 डिग्री सेल्सियस के आसपास के तापमान में काम करता रहा। चंद्र ग्रहण के दौरान पृथ्वी से इस पर सीधे नियंत्रण नहीं रखा जा सकता है और इसलिए पूर्व निर्धारित निर्देशों के मुताबिक यह काम करता रहा। ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी उपग्रह ने कक्षा में चंद्र ग्रहण का अनुभव किया है।
राष्ट्रपति हू जिंताओ ने इस चीनी अंतरिक्ष कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे चंद्र अन्वेषण परियोजनाओं को नई गति मिलेगी। चीन का पहला चंद्र उपग्रह 'चेंज-1' अक्टूबर 2007 में प्रक्षेपित किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications