भोपाल में प्रदर्शन करने वाले किसानों के खिलाफ मामला दर्ज
किसानों का दो दिन का प्रदर्शन खत्म होने के 24 घंटे बाद पुलिस ने ये मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अधीक्षक योगेश चौधरी ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि पांच पुलिस थानों गोविंदपुरा, मिसरौद, टीटी नगर, श्यामला हिल्स और जहांगीराबाद में किसानों के खिलाफ पथराव एवं सड़क जाम करने के मामले दर्ज किए गए हैं तथा ट्रैक्टर मालिकों को नेाटिस भेजे गए हैं।
मालूम हो कि 20 और 21 दिसम्बर को भारतीय किसान संघ के आह्वन पर प्रदेश भर से भोपाल पहुंचे किसानों ने यातायात व्यवस्था को चौपट कर दिया था। जगह-जगह ट्रैक्टर-ट्रॉलियां फंसा कर उन्होंने राजधानी की सड़कों को घेर लिया था। पहले दिन तो राजधानी का हाल बुरा रहा था, मगर दूसरे दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास को जाने वाले मार्ग तक बंद रहे थे। आखिर में सरकार ने मांगें मानने का आश्वसन दिया, उसके बाद ही किसानों ने आंदोलन खत्म किया।
भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने कहा है कि उन्हें मामले दर्ज होने की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो यह ठीक नहीं है, क्योंकि सरकार ने किसानों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications