सीवर की बदबू से भरे संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय खाली
न्यूयार्क, 22 दिसम्बर। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और महासभा के कार्यालयों को दुर्गंध के कारण खाली करना पड़ा है। दरअसल, इन कार्यालयों के नीचे से गुजरने वाली सीवर लाइन में रिसाव के कारण वहां एक अजीब सी दुर्गंध फैल गई है।
यह दुर्गंध इतनी तेज थी कि कार्यालयों में मौजूद राजनयिकों को उससे बचने के लिए अपनी नाक पर रूमाल रखने पड़े। समाचार पत्र 'द न्यूयार्क पोस्ट' के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता फरहान हक का कहना है कि एहतियाती उपाय के तौर पर कार्यालय खाली कराए गए हैं और अब तक इस दुर्गंध से किसी के बीमार होने की खबर नहीं है।
ऐसा माना जा रहा है कि कार्यालयों के नीचे से गुजरने वाली सीवर लाइन में रिसाव इसकी वजह है। पुलिस ने सीवर के पाइप में खामी की बात कही है। इस घटना से सुरक्षा परिषद कार्यालय में मंगलवार को होने वाले एक कार्यक्रम में व्यवधान पैदा हो गया। कार्यक्रम में दुनियाभर से आए बच्चे विश्व शक्तियों के समक्ष अपनी चिंताएं जाहिर करने वाले थे।
आईएएनएस













Click it and Unblock the Notifications