राजा ने किया सीबीआई से सहयोग का वादा
राजा ने संवाददाताओं से कहा, "मैं दो-तीन दिनों के लिए दिल्ली में रहूंगा और जांच एजेंसी के साथ सहयोग करुं गा।"
सीबीआई ने स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में राजा को सम्मन भेजा है।
सोमवार को राजा ने चेन्नई में कुछ निजी काम के लिए सीबीआई से अतिरिक्त समय मांगा था।
एक अधिकारी ने कहा कि राजा के बुधवार को सीबीआई के सामने उपस्थित होने की उम्मीद की जा रही थी।
सीबीआई ने राजा के दिल्ली और तमिलनाडु के पेराम्बलुर स्थिति आवासों पर पिछले दिनों तलाशी की थी। इसके साथ ही उनके संबंधियों और सहयोगियों के आवासों और कारोबारी स्थलों पर छापेमारी भी की गई थी।
राजा ने कुछ भी गलत करने से इंकार किया है।
उधर, तमिलनाडु में सत्ताधारी पार्टी डीएमके बचाव की मुद्रा में आ गई है। पार्टी प्रवक्ता और सांसद टी. के. एस. एलंगोवन ने कहा कि पार्टी शुक्रवार से 2जी स्पेक्ट्रम मामले पर जनता के सामने अपना पक्ष रखने के लिए सार्वजनिक सभाएं करेगी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा था कि वे आम आदमी से बात कर उन्हें बताएं कि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के कार्यकाल में क्या-क्या गड़बड़ियां हुई थीं।
उन्होंने कॉरपोरेट लॉबिस्ट नीरा राडिया के टेप खुलासे पर कहा था कि इसका जवाब तो टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा को देना है, जिन्होंने 2009 में सरकार के गठन को प्रभावित करने की कोशिश की थी और दूरसंचार मंत्रालय से दयानिधि मारन को बाहर रखने का प्रयास किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications