भ्रष्ट संप्रग सरकार को हटाएं : गडकरी
भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की यहां आयोजित 'महासंग्राम रैली' को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसने 2जी स्पेक्ट्रम विवाद की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की मांग क्यों स्वीकार नहीं किया।
उन्होंने कहा कि राजग 'तख्त बदल दो ताज बदल दो भ्रष्टाचारियों का राज बदल दो' नारे के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में रैलियों का आयोजन करता रहेगा।
गडकरी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति द्वारा दिए गए बड़ी लागत वाले खाके को अनुमोदित कर दिया।
यह जिक्र करते हुए कि 'राष्ट्रमंडल घोटाला 70,000 करोड़ रुपये का है', गडकरी ने कहा, "प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्वीकृतियां दीं। वही जिम्मेदार है।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मुख्य सतर्कता आयुक्त के रूप में जे.पी. थॉमस की नियुक्ति का अनुमोदन किया, जबकि लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने थॉमस के विरुद्ध भ्रष्टाचार का मामला विचाराधीन होने के कारण विरोध जताया था।
गडकरी ने आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाले में कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगने का जिक्र करते हुए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भी हमला किया और कहा कि नैतिकता को ताक पर रखते हुए कारगिल युद्ध के योद्धाओं और शहीदों की विधवाओं के लिए बने फ्लैटों पर वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, राजनेताओं एवं नौकरशाहों ने कब्जा जमा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications