बुलंदशहर में पुलिस पर पथराव, 5 घायल
बुलंदशहर, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक स्थानीय व्यक्ति की संदिग्ध हालात में हुई मौत से गुस्साए लोगों ने बुधवार को तोड़फोड़ की और पुलिस पर जमकर पथराव किया, जिसमें थाना-प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना जिले के छतारा कस्बे की है, जहां एक शराब ठेके के पास सहार गांव निवासी सीताराम (40) के संदिग्ध हालात में मृत पाए जाने से गुस्साए स्थानीय लोग ठेके के कर्मचारी पर हत्या का आरोप लगाकर उसे पीटने लगे।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक जे.के.जोशी ने संवाददाताओं को बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब ठेका कर्मचारी को बचाने की कोशिश की तो सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
उन्होंने कहा कि हालात काबू में करने के लिए मजबूरन पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज में हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि पथराव में छतारा थाना प्रभारी डी.के.शर्मा और चार सिपाही घायल हो गए। सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
जोशी के मुताबिक स्थिति काबू में लेकिन तनावपूर्ण है, जिसके मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि सीताराम की मौत अधिक शराब पीने से हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। रिपोर्ट आने पर ही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
पुलिस ने पथराव और तोड़फोड़ करने के आरोप में 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications