स्पेक्ट्रम घोटाले पर जनता को समझाएगी डीएमके
चेन्नई, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के कारण अपनी छवि को पहुंचे नुकसान की वजह से तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) उसे सुधारने का रास्ता तलाशने में जुटी है। डीएमके 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर अपने रुख के बारे में जनता को जानकारी देने के लिए शुक्रवार से हर जिलों में जनसभाएं करने जा रही है।
ज्ञात हो कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के कारण डीएमके नेता और केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए.राजा को इस्तीफा देना पड़ा है।
डीएमके प्रवक्ता और सांसद ई.के.एस. एलंगोवन ने आईएएनएस को बताया, "पार्टी ने स्पेक्ट्रम आवंटन के पूरे मामले के बारे में जनता को जानकारी देने का निर्णय लिया है। इसके लिए शुक्रवार से आयोजित होने वाली सभाओं को डीएमके सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्बोधित करेंगे।"
एलंगोवन ने कहा, "स्पेक्ट्रम मामले पर मीडिया की मुहिम पार्टी के खिलाफ एक हमला है और इससे प्रभावी तरीके से निपटने की जरूरत है।"
पार्टी के इस अभियान के प्रबंधन की जिम्मेदारी पार्टी के प्रचार सचिव व सांसद एन.शिवा को दी गई है।
मुख्यमंत्री एम.करुणानिधि ने इसके पहले मंगलवार को कार्यकर्ताओं का आह्वान किया था कि उन्हें जे. जयललिता के नेतृत्व में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के कुशासन के बारे में जनता को याद दिलाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications