पूर्व विधायक ने की लालू के इस्तीफे की मांग
दरअसल, यह पूर्व विधायक हैं अखलाक अहमद, जिन्होंने विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए लालू प्रसाद से इस्तीफे की मांग की।
बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए अहमद ने कहा कि बैठक में उन्होंने लालू प्रसाद से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस्तीफे के बाद लोगों में यह संदेश जाएगा कि लालू प्रसाद सच में पार्टी को सुधारना चाहते हैं। वैसे अहमद की मांगों को बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने नकार दिया।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2010 में करारी हार के बाद राजद की पटना में मंगलवार से दो दिवसीय समीक्षा बैठक चल रही है। इस बैठक में राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद सहित कई दिग्गज नेता हिस्सा ले रहे हैं।
पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर हो रही इस बैठक में पार्टी की हार के कारणों की समीक्षा की जा रही है।
बैठक में पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह सहित पार्टी के वर्तमान व पूर्व सांसद, वर्तमान विधायक और पूर्व विधायक, विधान पार्षदों सहित प्रदेश के पदाधिकारी, सभी जिला अध्यक्ष और तमाम नेता शामिल हैं।
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में राजद ने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से राजद ने जहां 22 सीटों पर विजय पाई थी वहीं लोजपा मात्र तीन सीट ही हासिल कर सकी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications