मनोरंजन पर तय सीमा से अधिक खर्च नहीं कर सकेंगे मंत्री
नई दिल्ली, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के नए नियमों के चलते मंत्री और नौकरशाह मेहमानों के मनोरंजन पर तय सीमा से अधिक राशि खर्च नहीं कर सकेंगे। यहां तक कि मुख्यमंत्री को भी एक महीने में मनोरंजन पर 60,000 रुपये से ज्यादा राशि खर्च करने की अनुमति नहीं है।
एक अधिकारी ने बताया कि मंत्रिमंडल के फैसले के अनुसार मंत्री और नौकरशाह मनोरंजन पर प्रति माह एक निश्चित राशि ही खर्च कर सकेंगे। अगले महीने से ये नियम लागू हो जाएंगे।
अब तक मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए इस तरह के कार्यो में खर्च की कोई निर्धारित सीमा नहीं थी लेकिन अब एक महीने में 60,000 रुपये से ज्यादा राशि खर्च नहीं की जा सकेगी।
अन्य मंत्रियों के लिए मनोरंजन पर खर्च प्रति माह 50,000 रुपये से ज्यादा नहीं होना चाहिए। एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया था।
मुख्य सचिव राकेश मेहता ने यह आदेश जारी किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications