राजग ने मांगा प्रधानमंत्री से इस्तीफा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अरूण जेटली ने यहां रामलीला मैदान में आयोजित एक रैली को सम्बोधित करते हुए कहा, "यदि आप कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री पद को संदेह से ऊपर रखा जाना चाहिए, तो आपको ईमानदारी के साथ 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित कर देनी चाहिए। और यदि आपके पास विपक्ष की चिंताओं का जवाब नहीं है तो प्रधानमंत्री को नैतिकता के आधार पर पद छोड़ देना चाहिए।"
ज्ञात हो कि कांग्रेस महाधिवेशन में सोमवार को मनमोहन सिंह ने एक बार फिर 2जी घोटाले की जांच के लिए जेपीसी की भाजपा की मांग को खारिज कर दिया था। सिंह ने कहा था कि वह संसद की लोक लेखा समिति के समक्ष उपस्थित होने के लिए तैयार है, लेकिन यहीं पर उन्होंने यह भी कहा था कि प्रधानमंत्री के पद को संदेह से परे रखा जाना चाहिए। विपक्ष ने सिंह के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।
भाजपा, राजग के अपने सहयोगियों के साथ भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर बुधवार को सड़क पर उतरी। राजग के सभी घटक दलों के नेता रामलीला मैदान में आयोजित रैली में हिस्सा लिया।
इसके पहले विपक्ष ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जेपीसी जांच की मांग को लेकर संसद का पूरा शीतकालीन सत्र नहीं चलने दिया था। 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में अनियमितता के आरोपों के कारण केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए.राजा को इस्तीफा देना पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications