मेदवेदेव ने भारतीय फिल्मों की तारीफ की
नई दिल्ली, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। मुम्बई में एक बॉलीवुड स्टूडियो का दौरा करने से एक दिन पहले रूसी राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव ने मंगलवार को यहां भारतीय फिल्म उद्योग की जमकर तारीफ की। राष्ट्रपति ने कहा कि उनके देश में कुछ चैनलों द्वारा चौबीस घंटे भारतीय फिल्में दिखाई जाती हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में मेदवेदेव ने कहा, "हमारा देश उन स्थानों में से एक है जहां भारतीय संस्कृति की सर्वाधिक प्रशंसा होती है। रूस और भारत अकेले ऐसे देश हैं जहां चौबीस घंटे सैटेलाइट चैनल भारतीय फिल्मों को दिखाते हैं।"
भारतीय संस्कृति और फिल्मों के प्रशंसक मेदवेदेव ने बुधवार को मुम्बई दौरे की भूमिका बनाते हुए कहा, "इस तरह के चैनल केवल भारत और रूस में हैं।"
मंगलवार से अपनी दो दिनों की भारत यात्रा शुरू करने वाले रूसी राष्ट्रपति ने दोनों देशों के लोगों के बीच सम्पर्क बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि वीजा सरलीकरण समझौते से दोनों देशों के लोगों को आपस में जुड़ने का सुनहरा मौका मिलेगा।
उन्होंने बताया कि रूस में वर्ष 2011 में एक भारतीय सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया जाना है, जबकि भारत में एक रूसी सांस्कृतिक समारोह का आयोजन वर्ष 2010 में होगा।
बुधवार को आगरा में ताजमहल देखने के बाद मेदवेदेव मुम्बई जाएंगे। इस बात की उम्मीद है कि वह राजकपूर द्वारा स्थापित फिल्म सिटी और आर.के. स्टूडियो का दौरा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि रूस में राजकपूर की फिल्म 'श्री 420' और 'अवारा' काफी पसंद की गई। इसके अलावा लोकप्रिय गीत 'मेरा जूता है जापानी, सिर पर लाल टोपी रूसी' पूरे मास्को के जलपान घरों में अभी भी सुने जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications