मप्र में प्याज की कीमत दोगुनी, राहत के आसार नहीं
भोपाल की रसबहार सब्जी मंडी में प्याज की कमी साफ नजर आ रही है और यही कारण है कि प्याज के दाम लगातार बढ़ते जा रहे है। पिछले एक सप्ताह में अच्छी किस्म के प्याज के दाम दोगुने हो गए है। मंगलवार को अच्छी किस्म का प्याज 50 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बिका। वहीं छोटे आकार और प्रकृति की मार खा चुका प्याज 25 रुपए प्रति किलोग्राम तक की दर पर बिक रहा है।
आलू-प्याज के थोक कारोबारी मोहम्मद रजा ने बताया है कि महाराष्ट्र से प्याज नहीं आ रहा है, वहीं देसी प्याज को मावठ ने चौपट कर दिया है। यही कारण है कि अच्छी किस्म का प्याज ज्यादा भाव पर बिक रहा है। माना जा रहा है कि अगर यही हाल रहा तो प्याज की कीमतों में वृद्धि जारी रह सकती है।
रजा का कहना है कि प्याज तो सिर्फ इसलिए मिल रहा है क्योंकि किसानों ने भंडारण कर रखा है, जब यह भंडार खत्म हो जाएगा तब तो प्याज हासिल करना ही मुश्किल होगा।
फुटकर सब्जी बेचने वाले राशिद ने बताया है कि वह छोटे आकार व कुछ क्षतिग्रस्त प्याज 25 रुपए प्रति किलो की दर से भी बेच रहे हैं लेकिन इस प्याज को दो दिन से ज्यादा सुरक्षित रखना मुश्किल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications