बिहार में प्याज ने सभी को रुलाया
पटना, 21 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार में इन दिनों आम जनता को प्याज एक बार फिर रुला रहा है। प्याज के दामों में हो रही निरंतर वृद्घि से आम लोगों के बजट पर असर पड़ रहा है वहीं राज्य सरकार इसके लिए सीधे तौर पर केन्द्र सरकार को दोषी बता रही है।
पटना के बेली रोड स्थित जगदेव पथ सब्जी मंडी में खुदरा प्याज बेच रहे मन्नू यादव मंगलवार को 60 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से प्याज बेच रहे थे। वह स्पष्ट कहते हैं, "आढ़ती (बड़े दुकानदार) से जिस तरह प्याज के मूल्यों में वृद्घि कर रहे हैं उसी तरह हम लोग भी मूल्य बढ़ाते हैं। "
पटना की एक अन्य मंडी दानापुर में खुदरा सब्जी विक्रेता रामनिवास कहते हैं, "हमें जिस मूल्य पर प्याज मिलता है उसमें कुछ वृद्घि कर हम प्याज बेच रहे हैं।"
इधर, थोक मंडी वाले भी मूल्य वृद्घि का रोना रो रहे हैं। आशियाना चौक पर थोक मंडी व्यापारी दशरथ कहते हैं कि प्याज और लहसुन के मूल्य की बात मत पूछिये। वह कहते हैं कि थोक में फिलहाल 500 से 550 रुपये प्रति क्विं टल की दर से प्याज बिक रहा है।
ऐसा नहीं कि यह स्थिति केवल पटना की है। पूर्णिया में खुदरा में प्याज 60 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहा है, भागलपुर में 55 और गया में 52 रुपए प्रति किलोग्राम की दर है।
प्याज के दामों में हो रही वृद्घि से कई घरों में प्याज को रसोई घर से बाहर कर दिया है। पटना सचिवालय में कार्यरत उषा सिन्हा कहती हैं कि प्याज इतना महंगा हो गया है कि उन्होंने प्याज खरीदना ही छोड़ दिया है। वह कहती हैं कि सभी सामानों के मूल्यों में वृद्घि हो गई है।
गृहिणी सुधा कहती हैं, " ठंड का मौसम है। ऐसे में शाकाहारी खाना तो बिना प्याज के बन सकता है परंतु मांसाहारी खाने के लिए तो प्याज आवश्यक है।" वह कहती हैं कि जहां खाने में 500 ग्राम प्याज डाला जाता था अब उसकी जगह 200 ग्राम से ही काम चलाया जा रहा है।
राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्याम रजक ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, " ऐसा थोड़े ही है कि केवल बिहार में प्याज के मूल्यों में वृद्घि हुई है। पूरे देश में प्याज के दामों में वृद्घि हुई है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह महंगाई पर अंकुश लगाने की बात करते हैं परंतु महंगाई चरम पर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज सभी सामानों की कीमतों में वृद्घि हुई है। उन्होंने जमाखोरों के कारण प्याज के मूल्यों में वृद्घि के तर्क को नकार दिया। रजक के अनुसार, "राज्य में अगर जमाखोरों के कारण प्याज के दामों में वृद्घि हुई है तो जमाखोरों पर कारवाई की जायेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications