अलकायदा ने अमेरिका पर हमले का नया तरीका इजाद किया
स्थानीय समाचार चैनल फॉक्स न्यूज के मुताबिक एक सूत्र ने बताया कि अधिकारियों को प्राप्त सूचनाओं में ऐसे संकेत मिले हैं कि अलकायदा अमेरिका में होटलों और रेस्तरांओं में आपूर्ति हाने वाले खाद्य पदार्थो में हानिकारिक रसायन मिलाकर अपनी इस नई साजिश को अंजाम दे सकता है।
सूत्र ने कहा, "इस संभावित हमले को लेकर किसी विशेष स्थल या समय के बारे में हमारे पास कोई जानकारी नहीं है, यह केवल आशंका है।" सूत्र के मुताबिक हालांकि अधिकारी इस बात से सहमत नहीं है कि अलकायदा के पास इस तरह के हमले करने की क्षमता है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सीबीएस न्यूज में बताया गया था कि इस तरह के हमलों में साइनाइड का इस्तेमाल किया जा सकता है।
सीबीएस न्यूज के मुताबिक अमेरिका के कृषि विभाग एवं खाद्य औषध प्रशासन (एफडीए) के अधिकारियों ने इस तरह के संभावित हमले के प्रति होटल और रेस्तरां उद्योग से जुड़े सुरक्षा अधिकारियों को आगाह कर दिया है।
व्हाइट हाउस के आतंकवाद विरोधी प्रमुख सलाहकार जॉन ब्रेनन ने अरब प्रायद्वीप में स्थित अलकायदा को सबसे सक्रिय संगठन करार दिया है।
ब्रेनन ने हालांकि कहा है कि प्रत्येक स्थानों पर सुरक्षा के उचित प्रबंध किए गए हैं ताकि क्रिसमस के दौरान इस तरह के किसी भी हमले को रोका जा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications