छत्तीसगढ़ में बाघ का शव बरामद, 2 अधिकारी निलम्बित
कवरधा मुख्यमंत्री रमन सिंह का गृह जिला है। जिले के अमनिया गांव में यह मामला सामने आया है। वन विभाग ने इस मामले में दो स्थानीय अधिकारियों को निलम्बित कर दिया है और जांच के आदेश दे दिए हैं।
वन विभाग ने अपने एक वरिष्ठ अधिकारी राकेश चतुर्वेदी को मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर जाने का आदेश दिया है।
चतुर्वेदी ने आईएएनएस को बताया, "हां, कवरधा जिले के पंडरिया प्रखण्ड में स्थित अमनिया गांव में एक बाघ का शव बरामद किया गया है जिसका सिर गायब है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक ऐसा लगता है कि यह शिकारियों की करतूत है, जिन्होंने कुछ दिनों पहले या कुछ सप्ताह पहले बाघ को अपना शिकार बनाया होगा।"
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक विभाग के कुछ अधिकारी इस मामले को महज एक मौत का मामला बताने में जुटे हुए हैं, लेकिन जब बाघ को मारे जाने के सबूत मिले तब जाकर दो स्थानीय अधिकारियों को निलम्बित किया गया और जांच के आदेश दिए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications