मुख्यमंत्री महीने में एक दिन राजग कार्यकर्ताओं से मिलेंगे
पटना, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की दूसरी पारी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रत्येक महीने में एक दिन राजग के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।
जनता दल (युनाइटेड) के प्रवक्ता रविन्द्र सिंह ने मंगलवार को बताया कि प्रत्येक महीने के चौथे सोमवार को अपने आवास पर मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जद (यु) के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। उन्होंने बताया कि राजग कार्यकर्ताओं का पहला दरबार 27 दिसम्बर को लगेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं की समस्याओं को भी खुद सुनकर उसका हल निकालना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि जद (यु) के मंत्री भी भाजपा मंत्रियों की तरह पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में शिरकत करेंगे। सिंह ने कहा कि बहुत जल्द ही पार्टी के सभी मंत्रियों के कार्यक्रम तय कर दिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री प्रत्येक महीने के पहले, दूसरे और तीसरे सोमवार को जनता दरबार में हाजिर होंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उसका त्वरित निपटारा करेंगे। गौरतलब है कि पिछले सोमवार को मुख्यमंत्री के जनता दरबार में हजारों लोगों ने अपनी समस्या सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications