प्रधानमंत्री कार्यालय ने दिए मरीज की मौत की जांच के आदेश
नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोमवार को उस घटना की जांच के आदेश दिए हैं, जिसमें प्रधानमंत्री के काफिले के कारण यातायात प्रतिबंधित किए जाने से अस्पताल पहुंचने में देरी होने पर एक मरीज की मौत हो गई।
प्रधानमंत्री का काफिला बुराड़ी में हुए कांग्रेस महाधिवेशन से लौट रहा था।
पीएमओ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "पीएमओ ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं।"
शहादरा निवासी अनिल जैन के परिजनों ने कहा कि सोमवार को जैन की हृदयाघात से मौत हो गई। वह जी.बी. पंत अस्पताल के रास्ते में थे, लेकिन मनमोहन सिंह की सुरक्षा के लिए यातातात प्रतिबंधित होने के कारण उन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका।
परिजनों का कहना है कि प्रधानमंत्री के काफिले के कारण रविवार रात राजघाट के निकट एम्बुलेंस को लगभग आधे घंटे रुकना पड़ा।
परिजनों ने कहा कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो डाक्टरों ने कहा कि अगर वे 15 मिनट पहले मरीज को ले आते तो जान बचाई जा सकती थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications