कांग्रेस महाधिवेशन में उठी तेलंगाना की मांग
नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस के 83वें महाधिवेशन में आंध्र प्रदेश से आए विधायकों सहित कई प्रतिनिधियों ने सोमवार को अलग तेलंगाना राज्य की मांग करते हुए नारे लगाए।
करीम नगर की सांसद पूनम प्रभाकर जब भाषण दे रही थीं, उसी दौरान विधायक इंद्रसेन रेड्डी और यादवा रेड्डी, सांसद के.राजगोपाल रेड्डी, जी. विवेक तथा पार्टी की आंध्र प्रदेश इकाई के प्रवक्ता कमलाकर राव अपनी सीट से उठकर 'जय तेलंगाना' नारा लगाने लगे।
मंच पर मौजूद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस पर कोई प्रतिक्रिया प्रकट नहीं की।
प्रभाकर ने भी अपने भाषण में तेलंगाना की मांग का जिक्र नहीं किया।
बाद में महाधिवेशन सभागार से बाहर तेलंगाना समर्थक प्रतिनिधियों ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान अपनी मांग दोहराई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications