सैनिक विधवाओं ने की पदक वापसी की पेशकश
ग्वालियर के समीप टेकनपुर स्थित सीमा सुरक्षा बल अकादमी के सैनिकों की विधवाओं और पूर्व सैनिकों को भूखंड उपलब्ध कराने के लिए सीमा सुरक्षा बल (कार्मिक) की ओर से गृह निर्माण सहकारी समिति बनाई गई थी। इस समिति के लिए लगभग 12 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन महाराजपुरा इलाके में दी गई थी।
सेवानिवृत्त कमांडेंट बी.एल. गुप्ता का आरोप है कि समिति ने सीमा सुरक्षा बल एवं सरकार से मिली जमीन पर कुल 460 भूखंड आवंटित किए। इनमें से कई भूखंड विधवाओं एवं पूर्व सैनिकों के बजाय ऊंचे दाम पर बाहरी लोगों को बेच दिए गए हैं।
नाराज विधवाओं और पूर्व सैनिकों ने सोमवार को पदक वापसी रैली निकाल कर संभाग के आयुक्त के नाम उप संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में मांग की गई है कि भूखंड आवंटन की जांच हो, वर्तमान समिति को भंग किया जाए तथा भूखंड के क्रय-विक्रय पर रोक लगे।
विधवाओं का कहना है कि उनके हक पर डाका डाला गया है, लिहाजा वे उन पदकों को लौटाना उचित समझती हैं जो उनके परिजनों की शहादत पर दिए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications