डाबर नेपाल के गोदाम पर छापा (लीड-1)
काठमांडू, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। नेपाल के कमीशन फॉर इनवेस्टिगेशन ऑफ एब्यूज ऑफ अथॉरिटी (सीआईएए) ने डाबर इंडिया समूह की नेपाल स्थित एक मात्र रीयल जूस निर्माण इकाई के गोदाम पर छापा मार कर उसे सील कर दिया और कम्पनी को निर्देश दिया है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने से पहले वह इस गोदाम से बिक्री या वितरण न करे।
तेज खपत उपभोक्ता वस्तु के क्षेत्र में कारोबार करने वाली बहुराष्ट्रीय कम्पनी डाबर इंडिया समूह की नेपाल स्थित एक कम्पनी 'डाबर नेपाल' के गोदाम पर छापा मारा गया है।
नेपाल की मीडिया के एक समूह ने पिछले कुछ समय से कम्पनी के रीयल ब्रांड फ्रुट जूस की गुणवत्ता के खिलाफ अभियान छेड़ रखा था। कम्पनी ने पहले एक खास मीडिया समूह को विज्ञापन देने से इंकार कर दिया था।
भारतीय उद्योग परिसंघ ने इस तरह भातीय साझेदारी वाली कम्पनी को निशाना बनाए जाने पर ऐतराज जताया है और कहा है कि इससे नेपाल में भारतीय निवेश पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
गोदाम को सील किए जाने के बाद भारत और दूसरे सभी देशों में रीयल फ्रुट जूस की आपूर्ति पर असर पड़ने वाला है, क्योंकि दक्षिणी नेपाल में स्थित कम्पनी की यह एक मात्र फैक्टरी है, जहां कम्पनी के रीयल फ्रुट जूस ब्रांड का उत्पादन होता है।
सीआईएए के प्रवक्ता इश्वरी प्रसाद पॉडेल ने आईएएनएस को बताया कि अनियमितता की खबर आने के बाद कम्पनी के गोदाम पर छापा मार कर उसे सील किया गया है।
पॉडेल ने बताया कि फैक्टरी में पहले बने हुए जूस बाद की तारीख वाले पैकेट में रखे गए थे।
उन्होंने कहा कि हमारे दल ने नमूना इकट्ठा कर लिया है। जब वे काठमांडू पहुंचेंगे, तब जांच शुरू की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications