किसानों के प्रदर्शन से भोपाल बेहाल (लीड-1)
भोपाल, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। बिजली और खाद सहित विभिन्न मांगों को लेकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सड़कों पर उतरे हजारों किसानों ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। किसानों ने सोमवार को एलान किया है कि वे मांगें पूरी हुए बिना भोपाल की सड़कों से नहीं हटेंगे। किसानों के प्रदर्शन के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा गई है और जगह-जगह जाम लग गया है।
किसानों का कहना है कि उन्हें जरूरत के मुताबिक बिजली नहीं मिल रही है, नकली खाद ने उनकी मुसीबत और बढ़ा दी है। इतना ही नहीं, किसानों पर बिजली बिल जमा न करने और चोरी के फर्जी मामले दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा राजस्व विभाग सहित अन्य विभाग किसानों की समस्याएं हल करने को तैयार नहीं हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से सम्बद्ध भारतीय किसान संघ के आह्वान पर किए जा रहे आंदोलन के कारण सोमवार को भोपाल की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सुबह से लेकर शाम तक प्रमुख सड़कों से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक जाने वाली सड़क पर आवागमन ठप रहा। किसान पॉलीटेक्निक चौराहे से लेकर रोशनपुरा, कमला पार्क और राजभवन की ओर जाने वाली सड़कों पर कब्जा जमाए बैठे हैं।
किसानों के धरना-प्रदर्शन के चलते शहर की नगर परिवहन सेवा लड़खड़ा गई है। लक्ष्मीबाई महाविद्यालय सहित कई अन्य कालेजों की परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ी हैं। इतना ही नहीं, शिक्षण संस्थान जाने वाले छात्र और कर्मचारी दिन भर परेशान रहे।
किसान नेता शिवकुमार शर्मा का कहना है कि किसान सरकार को अपनी मांगों से कई बार अवगत करा चुके हैं, मगर सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया और किसानों को मजबूर होकर सड़कों पर उतरना पड़ा है। उन्होंने कहा कि किसान सड़कों से तब तक नहीं हटेंगे जब तक सरकार मांगें नहीं मान लेती।
इस मसले पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि प्रशासन किसानों की मांगों पर विचार कर रही है। वहीं कृषि मंत्री रामकृष्ण कुसमारिया का कहना है कि उनके विभाग से सम्बंधित मांगें मान ली गई हैं, अन्य मांगों पर अलग-अलग विभागों को विचार करना है।
हाथों में डंडा थामे किसान कई दिनों तक भोपाल में डेरा डाले रहने की तैयारी में हैं। उन्होंने कई खुले मैदानों और आवासों के बगीचों में डेरा डाल लिया है।
किसानों के आगे पुलिस असहाय नजर आई। वह देर शाम तक आंदोलनकारियों को सड़कों से हटा नहीं पाई थी। कई स्थानों पर राहगीरों और आंदोलनकारी किसानों के बीच झड़प भी हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications