डाबर नेपाल की फैक्टरी पर छापा : रिपोर्ट
काठमांडू, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। नेपाली मीडिया में आई खबरों के मुताबिक नेपाल में डाबर इंडिया की साझेदारी वाली कम्पनी डाबर नेपाल पर अधिकारियों ने छापा मारा है। कम्पनी पर उसके 'रीयल ब्रांड के फलों के जूस' की गुणवत्ता के बारे में शिकायत आने पर छापा मारा गया है।
इस खबर की हालांकि तत्काल पुष्टि नहीं हो पाई है। इस बारे में कई बार कोशिश करने के बाद भी कम्पनी के अधिकारियों से सम्पर्क नहीं हो पाया।
कम-से-कम तीन टीवी चैनलों ने सोमवार को दक्षिणी नेपाल के बारा जिले में स्थित कम्पनी की फैक्टरी पर छापे की खबर चलाई। इसके मुताबिक नेपाल के कमीशन फॉर इनवेस्टिगेशन ऑफ एब्यूज ऑफ अथॉरिटी (सीआईएए) के अधिकारियों ने यह छापा मारा है।
सीआईएए के अधिकारियों ने भी इसके बारे में कुछ भी बताने से इंकार किया। सीआईएए के प्रमुख भगवती काफले ने आईएएनएस से कहा कि हमारे कई दल विभिन्न कम्पनियों पर छापा मार रहे हैं। डाबर नेपाल पर छापा मारे जाने के बारे में कोई सूचना नहीं है।
नेपाल की मीडिया के एक समूह ने पिछले कुछ समय से कम्पनी के रीयल ब्रांड फ्रुट जूस की गुणवत्ता के खिलाफ अभियान छेड़ रखा था। कम्पनी ने पहले एक खास मीडिया समूह को विज्ञापन देने से इंकार कर दिया था।
भारतीय उद्योग परिसंघ ने इस तरह भातीय साझेदारी वाली कम्पनी को निशाना बनाए जाने पर ऐतराज जताया है और कहा है कि इससे नेपाल में भारतीय निवेश पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
काठमांडू में भारतीय राजदूत ने भी इस मुद्दे पर ऐतराज जताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications