दिग्विजय के आरोप बेबुनियाद और झूठे : संघ
नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस महाधिवेशन में उसके महासचिव दिग्विजय सिंह द्वारा संघ को लेकर जो आरोप तथा बयानबाजी की गई वह न सिर्फ गैर जिम्मेदाराना है बल्कि बेबुनियाद, झूठ एवं सत्य से परे भी है। संघ की ओर से कहा गया कि अपनी ही करतूतों के कारण चारों तरफ से घिरी कांग्रेस ने सबका ध्यान बंटाने के लिए ही इस तरह के निराधार आरोप उस पर लगाए हैं।
आरएसएस के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी ने एक बयान जारी कर कहा, "संघ पर ऐसे आरोप कांग्रेस पूर्व काल से लगाती आ रही है। इसके बावजूद, समाज से प्रत्यक्ष सम्पर्क होने के कारण संघ के प्रति समाज का समर्थन निरंतर बढ़ता रहा है।"
उन्होंने कहा, "अल्पसंख्यकों के मतों को लेकर हमेशा साम्प्रदायिक राजनीति करती आ रही कांग्रेस जब-जब गहरे संकट में आई है, उसने संघ पर तीखे आरोप लगाने का विफल प्रयास किया है। स्वतंत्रता के पश्चात विभाजन की त्रासदी की जिम्मेदारी से बचने के लिए या फिर इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित करने वाले इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्णय के उपरांत सत्ता से चिपके रहने के लिए भी कांग्रेस ने यही किया था।"
जोशी ने कहा कि संघ ने पहले ही यह स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह के हिंसात्मक कार्य एवं आतंकवाद में उसका न विश्वास है न समर्थन है। कहीं भी कोई ऐसी घटना हुई हो तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा कानूनी कार्रवाई के उपरांत दोषियों को सजा हो।
उन्होंने कहा कि जहां केवल जांच ही चल रही हो, कानूनी प्रक्रिया अभी बाकी हो तब ऐसी बेबुनियाद बातें जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप है।
उनके मुताबिक, "अल्पसंख्यक-बहुसंख्यक आतंकवाद की भाषा का प्रयोग अनुचित है तथा आतंकवाद से निपटने के प्रयास की गंभीरता पर ही प्रश्नचिन्ह खड़ा करते हैं। इतना ही नहीं तो आने वाले समय में देशभक्त शक्तियों को किस प्रकार संकट में फंसाया जाएगा सका भी यह एक संकेत है।"
बयान के अंत में यह कहा गया कि संघ का विश्वास है कि देश की जनता समझदार है और ऐसे हथकंडों के झांसे में नहीं आएगी तथा समाज को साथ लेकर राष्ट्रहित में सेवा करने का उसका व्रत अविरत चलता रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications