अलीगढ़ में भीड़ ने की आगजनी और तोड़फोड़
घटना शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जमालपुर मुहल्ले की है, जहां पुलिस की तरफ से आज दोपहर तक स्थानीय सुलेमान के हत्यारोपियों को न पकड़े जाने से नाराज लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम करके निजी और सार्वजनिक वाहनों को अपना निशाना बनाया। इतना ही नहीं गुस्साए लोगों ने मुख्य आरोपी बुंदू खान के घर और होटल में तोड़फोड़ करके आग के हवाले कर दिया।
क्रिकेट खेलने के विवाद में रविवार शाम को सुलेमान (25)पर पड़ोस के मुहल्ले के बुंदू खान ने अपने कुछ साथियों के साथ कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया था जिसके बाद घायल सुलेमान की रात में अस्पताल में मौत हो गई थी।
अलीगढ़ के पुलिस अधीक्षक (शहर) मान सिंह चौहान ने संवाददाताओं से कहा कि आगजनी कर रहे लोगों को जब पुलिस ने रोका तो उन्होंने पथराव कर दिया जिसमें दो-तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। जिनकी हालत फिलहाल सामान्य है।
उन्होंने कहा कि काफी मशक्कत के बाद नाराज लोगों को समझ्झा-बुझ्झाकर मामला शांत कर लिया गया। फिलहात स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में लेकिन तनावपूर्ण है, जिसके मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
चौहान ने बताया कि हत्या में शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। फरार मुख्य आरोपी बुंदू खान की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पथराव और आगजनी करने वाले प्रदशर्कारियों की भी शिनाख्त की जा रही है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications