'सुर संग्राम' में उत्पात मचाने वाले 11 हिरासत में
पुलिस के अनुसार 'सुर संग्राम' का ग्रैंड फिनाले देखने के लिए गांधी मैदान में हजारों दर्शक जुटे थे। इस दौरान देर रात को कार्यक्रम के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। इन तत्वों ने कार्यक्रम स्थल पर आगजनी की और वहां रखी कुर्सियां तोड़ डालीं।
भीड़ ने वहां पुलिस की जीप सहित कई वाहनों को भी निशाना बनाया। अनियंत्रित भीड़ व उत्पात मचा रहे लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी बल प्रयोग करना पड़ा। इस स्थिति में कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
गौरतलब है कि जब यह हांगामा हुआ तब कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश के राज्यपाल देवानंद कुंवर व उप मुख्यमंत्री सहित राज्य के कई मंत्री उपस्थित थे।
इधर, गांधी मैदान थाना के प्रभारी अमन कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि इस सिलसिले में 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
'सुर संग्राम' कार्यक्रम के ग्रैंड फिनाले में भाग लेने के लिए भोजपुरी फिल्मों व गीतों के कलाकार रवि किशन, मनोज तिवारी, सम्भावना सेठ, मालिनी अवस्थी, शारदा सिन्हा के अलावा तनुश्री दत्ता, समीरा रेड्डी सहित कई सितारे पहुंचे थे।
इस बीच आयोजकों का कहना है कि ग्रैंड फिनाले का कार्यक्रम दोबारा आयोजित किया जाएगा जिसके स्थान और तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications