कांग्रेस का राष्ट्रीय विनिर्माण नीति बनाने का सुझाव
कांग्रेस के 83वें अधिवेशन में यहां आर्थिक मामलों पर मसौदा पत्र में कहा गया, "कांग्रेस का सरकार को यह सुझाव है कि राष्ट्रीय विनिर्माण नीति बनाई जाए, जिससे अर्थव्यवस्था में विनिर्माण क्षेत्र का योगदान बढ़े और बड़ी संख्या में युवा शक्ति को रोजगार मिले।"
इसमें कहा गया है कि कांग्रेस तेज औद्योगीकरण का पक्षधर है। विनिर्माण क्षेत्र से अर्थव्यवस्था को सर्वाधिक तेजी मिलेगी और नए रोजगार का सृजन होगा।
मसौदा पत्र में कहा गया है, "पारदर्शी नियम-कानून बनाए जाने की जरूरत है, जिससे व्यवस्थित तरीके से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को बढ़ावा मिलेगा।"
इस वर्ष मल्टी ब्रांड रिटेल और बीमा क्षेत्रों को विदेशी निवेश के लिए खोलने के मसले पर जारी अनिश्चितता के कारण प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में काफी गिरावट आई है।
मौजूदा कारोबारी साल में अप्रैल से अक्टूबर की अवधि में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 37.84 फीसदी की गिरावट आई है और यह घटकर 12.40 अरब डॉलर के स्तर पर आ गया है। पिछले साल इस अवधि में 19.95 अरब डॉलर का निवेश हुआ था। पिछले कारोबारी साल में कुल 25.89 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ था और इस वर्ष के लिए 33 अरब डॉलर का लक्ष्य रखा गया है।
कांग्रेस के मसौदा पत्र में कहा गया है कि घरेलू बचत हालांकि निवेश का सबसे बड़ा स्रोत होगा, लेकिन प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की भी इसमें बड़ी भूमिका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications