आर्सेलरमित्तल ने अधिग्रहण के लिए बोली की दर बढ़ाई
टोरंटो, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। आर्सेलरमित्तल द्वारा कनाडा की कम्पनी बैफिनलैंड आयरन माइंस को खरीदने की कोशिशों ने रविवार को रोचक मोड़ ले लिया।
कनाडा की कम्पनी को खरीदने की दौड़ में एक अन्य कम्पनी के शामिल हो जाने के कारण आर्सेलरमित्तल को अपनी बोली बढ़ानी पड़ी।
आर्सेलरमित्तल ने अब प्रति शेयर बोली की दर 1.1 डॉलर से बढ़ाकर 1.25 डॉलर कर दी है। इसके साथ उसने बोली की अवधि को बढ़ाकर 29 दिसम्बर तक कर दी है। उधर बोली लगाने की दौर में नई शामिल हुई कम्पनी नूनावत आयरन ने कम्पनी में 50.1 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए प्रति शेयर 1.35 डॉलर की कीमत देने का प्रस्ताव दिया है।
उल्लेखनीय है कि टोरंटो की कम्पनी बैफिनलैंड आयरन माइंस के पास बैफिन लैंड द्वीप पर एक बहुत बड़ी मैरी रिवर लौह-अयस्क परियोजना है। इस परियोजना में उत्पादन शुरू करने के लिए कम्पनी को चार अरब डॉलर की कमी पड़ रही है।
इधर जून के बाद लौह अयस्क की कीमत में 20 फीसदी की बढ़ोतरी होने के बाद से आर्सेलरमित्तल की इस परियोजना में दिलचस्पी बढ़ गई है। इस परियोजना से अगले 20 सालों तक हर साल 1.8 करोड़ टन लौह अयस्क का उत्पादन होने की संभावना है।
आर्सेलरमित्तल और नूनावट आयरन दोनों अपनी-अपनी बोली को एक-दूसरे से बेहतर बता रहे हैं।
नेशनल पोस्ट डेली संडे अखबार ने आर्सेलरमित्तल के खनन प्रमुख पीटर कुकेल्स्की के हवाले से लिखा है, "हमारा मानना है कि नूनावट आयरन के अधूरे प्रस्ताव के मुकाबले हमारा प्रस्ताव बेहतर है। हमारा प्रस्ताव बैफिनलैंड के हर शेयरधारक को निश्चितता प्रदान करता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications