छुपाने को कुछ नहीं, पीएसी के समक्ष उपस्थित होने को भी तैयार : प्रधानमंत्री (लीड-1)
दिल्ली के बुराड़ी में कांग्रेस के 83वें महाधिवेशन के अंतिम दिन मौके पर अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, "सरकार राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन और 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन के मामले के हर पहलू की जांच करा रही है।"
उन्होंने कहा कि गहराई से इन मामलों की जांच होगी। मनमोहन सिंह ने कहा, "मैं आपसे वायदा करता हूं कि कोई भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।"
उन्होंने कहा, "हम भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने की मुहिम शुरू कर दी है कि राष्ट्र निश्चिंत रह सकता है कि हम भविष्य में भी ऐसा करते रहेंगे।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं गम्भीरता से मानता हूं कि प्रधानमंत्री को संदेह से परे होना चाहिए और इस कारण मैं पीएसी के समक्ष उपस्थित होने के लिए तैयार हूं, यद्यपि इस तरह का कोई मिसाल नहीं है।" प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके पास इस मामले में छिपाने के लिए कुछ नहीं है।
उन्होंने कहा, "हम संसद में भ्रष्टाचार से जुड़े सभी मसलों पर चर्चा कराना चाहते थे लेकिन पूरा सत्र विपक्ष के अड़ियल रवैये के कारण बर्बाद हो गया।" उन्होंने कहा कि पीएसी के पास वे सारे अधिकार मौजूद हैं जो जेपीसी के पास होते हैं।
मनमोहन सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गलत संदेश दे रही है कि सरकार जेपीसी की मांग इसलिए नहीं मान रही है क्योंकि जेपीसी के पास प्रधानमंत्री से पूछताछ करने का अधिकार होता है। वह ऐसा कहना चाहती है, "मेरे पास कुछ छिपाने के लिए है।"
उन्होंने कहा, "मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मेरे पास जनता से छिपाने के लिए कुछ नहीं है। इस कारण से मैंने पीएसी के अध्यक्ष को लिखा है कि मुझे पीएसी के समक्ष उपस्थित होने में खुशी होगी।"
उन्होंने कहा कि जेपीसी गठित करने की मांग से मामले की जांच में केवल देरी हो रही है।
प्रधानमंत्री ने अपने सम्बोधन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके साफ-सुथरे राजनीतिक नेतृत्व की भी जमकर सराहना की और कहा कि उनके नेतृत्व में काम करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मनमोहन ने कहा, "यह हमारी खुशकिस्मती है कि हम सोनिया गांधी के नेतृत्व में काम कर रहे हैं।"
सोनिया गांधी की साफ-सुथरी राजनीति और भ्रष्टाचार मिटाने के उनके एजेंडे की मनमोहन ने सराहना करते हुए कहा, "सार्वजनिक जीवन से भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सोनियाजी ने कल हमारा रुख स्पष्ट किया कि हमें क्या करना चाहिए या हम क्या कर सकते हैं।"
उन्होंने कहा कि रविवार को सोनियाजी ने अपने सम्बोधन में जो बातें कही हैं, सरकार उनकी ओर ध्यान देगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की उन्नति में कांग्रेस ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सिर्फ कांग्रेस ही ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो समाज के सभी वर्गो को साथ लेकर चल सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications