पीएसी के समक्ष उपस्थित होने में खुशी होगी : प्रधानमंत्री
दिल्ली के बुराड़ी में कांग्रेस के 83वें महाधिवेशन में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं गम्भीरता से मानता हूं कि प्रधानमंत्री को संदेह से परे होना चाहिए और इस कारण मैं पीएसी के समक्ष उपस्थित होने के लिए तैयार हूं, यद्यपि इस तरह का कोई मिसाल नहीं है।" प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके पास इस मामले में छिपाने के लिए कुछ नहीं है।
उन्होंने कहा, "हम संसद में भ्रष्टाचार से जुड़े सभी मसलों पर चर्चा कराना चाहते थे लेकिन पूरा सत्र विपक्ष के अड़ियल रवैये के कारण बर्बाद हो गया।" उन्होंने कहा कि पीएसी के पास वे सारे अधिकार मौजूद हैं जो जेपीसी के पास होते हैं।
मनमोहन सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गलत संदेश दे रही है कि सरकार जेपीसी की मांग इसलिए नहीं मान रही है क्योंकि जेपीसी के पास प्रधानमंत्री से पूछताछ करने का अधिकार होता है। वह ऐसा कहना चाहती है, "मेरे पास कुछ छिपाने के लिए है।"
उन्होंने कहा, "मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मेरे पास जनता से छिपाने के लिए कुछ नहीं है। इस कारण से मैंने पीएसी के अध्यक्ष को लिखा है कि मुझे पीएसी के समक्ष उपस्थित होने में खुशी होगी।"
उन्होंने कहा कि जेपीसी गठित करने की मांग से मामले की जांच में केवल देरी हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications