मेदवेदेव सोमवार को पहुंचेंगे, होंगे 15 समझौते (लीड-1)
मंगलवार सुबह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और मेदवेदेव द्विपक्षीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उनके बीच असैन्य परमाणु सहयोग के विस्तार, आर्थिक सम्बंध और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
मेदवेदेव एक बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यहां आ रहे हैं। वह वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। दोनों देशों ने अगले पांच वर्ष के दौरान 20 अरब अमेरिकी डॉलर के व्यापार का लक्ष्य तय किया है।
रूस के राजदूत अलेक्जेंडर एम. कदाकिन ने यहां शुक्रवार को कहा था, "दोनों देशों के बीच करीब 15 समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। मंगलवार सुबह मेदवेदेव प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ द्विपक्षीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर वार्ता करेंगे।"
उन्होंने संवाददाताओं को बताया था कि भारत के लोकतांत्रिक अनुभवों को साझा करने की इच्छुक रूस की निर्वाचन एजेंसी मंगलवार को निर्वाचन सम्बंधी एक समझौते पर हस्ताक्षर करेगी।
संभावना है कि रूसी संघ के केंद्रीय निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष व्लादिमीर चुरोव और भारतीय निर्वाचन आयुक्त एस.वाई. कुरैशी के बीच मनमोहन सिंह एवं मेदवेदेव की मौजूदगी में मंगलवार को समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
कदाकिन के अनुसार एक समझौता पांचवीं पीढ़ी के युद्धक विमानों को लेकर है, जबकि एक अन्य समझौता असैन्य परमाणु सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए है। भारत में रूस द्वारा कुछ और परमाणु रिएक्टर बनाने के समझौते पर भी हस्ताक्षर होने की संभावना है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने संवाददाताओं से कहा कि दोनों देश हाइड्रोकार्बन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावना भी तलाशेंगे।
रूसी राष्ट्रपति बुधवार को आगरा और मुम्बई भी जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications