आतंकवादियों और पत्थर फेंकने वालों को बीच गठजोड़ का भंडाफोड़
श्रीनगर, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिस ने रविवार को आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के दो धड़ों पर छापामार कर आतंकवादियों और घाटी में पत्थर फेंककर हिंसा फैलाने वालों के बीच गठजोड़ का भांडाफोड़ किया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (दक्षिण कश्मीर) शफकत अहमद वताली ने पत्रकारों को बताया कि गत पांच दिसम्बर को पुलिस ने बंदेरपोरा बिजबेहरा निवासी शौकत अहमद डार ऊर्फ अदनान ऊर्फ बशारत को गिरफ्तार किया। उसकी मदद से पुलिस ने इन धड़ों का भंडाफोड़ किया।
उन्होंने कहा, "जांच में पता चला कि लश्कर-ए-तैयबा और अन्य आतंकवादी संगठनों के बीच एक गठजोड़ था। ये घाटी में हिंसा जारी रखने के लिए युवकों को उकसाते थे।"
उन्होंने कहा कि पांच आतंकवादियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा, "आतंकवादियों की गिरफ्तारी से यह साबित हो गया है कि लश्कर-ए-तैयबा और यहां हिंसा बढ़ाने वाले आकाओं के बीच मजबूत गठजोड़ था।"
पुलिस अधिकारी ने बताया, "गिरफ्तार आतंकवादी नवाज अहमद लोन नामक व्यक्ति से निर्देश प्राप्त करते थे। लोन अलगाववादी नेता सैयद अली गिलानी के हुर्रियत कांफ्रेंस से जुड़ा है।"
पुलिस ने इसके साथ ही 35 किलो विस्फोटक, 75 डेटोनेटर, 150 मीटर सेफ्टी फ्यूज, भारी मात्रा में कारतूस, ग्रेनेड आदि बरामद किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications