सोनिया ने माता-पिता के खिलाफ जाकर राजीव से शादी की

विकिलीक्स ने दुनिया के कई राजनेताओं के निजी बयानों का खुलासा किया है। इसमें सोनिया गांधी जैसी भारतीय राजनेता भी शामिल हैं जो अपनी निजी जिंदगी में आसानी से किसी को घुसपैठ करने की इजा़जत नहीं देती।
विकिलीक्स ने खुलासा किया है कि सोनिया जब राजीव गांधी से विवाह करना चाहती थीं तो सोनिया के घरवालों ने उन्हें इसकी इजा़जत नहीं दी। इसके बाद अपने घरवालों की मर्जी के खिलाफ जाकर सोनिया ने राजीव से शादी की। इस खुलासे में ये बात भी सामने आई है कि सोनिया अपने पति राजीव गांधी के राजनीति में आने के खिलाफ थीं।
विकीलीक्स के मुताबिक अपनी निजी जिंदगी के बारे में बेहद सावधान रहने वाली सोनिया गांधी ने बातें कैलिफ़ोर्निया के पूर्व गवर्नर आर्नल्ड श्वार्ज़नेगर की पत्नी मारिया श्राइवर को एक घंटे की मुलाक़ात के दौरान बताई थीं।
यह खुलासा विकीलीक्स द्वारा लीक किए गए अमरीकी दूतावास के संदेशों से हुआ है। सोनिया और श्राइवर की मुलाकात से जुड़ा यह संदेश 4 अगस्त, 2006 का है जब मारिया श्राइवर सोनिया के साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करने भारत आई थीं।
इस बातचीत के दौरान सोनिया ने श्राइवर से ये भी कहाकि किसी दिन वो 2004 में अपने प्रधानमंत्री पद को ठुकराए जाने के कारणों के ऊपर किताब लिखेंगी क्योंकि ये एक ऐसा सवाल है जो उनसे बार-बार पूछा जाता है। सोनिया और श्राइवर की इस बातचीत को अमेरिकी अधिकारियों ने टेप किया था।












Click it and Unblock the Notifications