भोपाल गैस पीड़ितों को मुआवजे का वितरण शुरू
भोपाल, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक त्रासदी भोपाल गैस हादसे के पीड़ितों को रविवार से अतिरिक्त मुआवजे का वितरण शुरू हो गया। पहले दिन 80 मरीजों के लिए 12 लाख 12 हजार रुपये मंजूर किए गए।
मालूम हो कि दो-तीन दिसम्बर, 1984 की रात यूनियन कार्बाइड संयंत्र से रिसी जहरीली गैस का शिकार बने लगभग 10 लाख से ज्यादा लोगों ने दावा पेश किया था, जिनमें से पांच लाख लोगों को मुआवजे की दो किस्तें दी गई थीं। अब 48 हजार लोगों को मुआवजा दिया जाना है।
गैस पीड़ितों की समस्याओं के समाधान के लिए बने केंद्रीय मंत्री समूह की जून में हुई बैठक में लगभग 45 हजार मरीजों को मुआवजा देने का निर्णय लेते हुए 740 करोड़ रुपये मंजूर किए थे। मध्य प्रदेश की सरकार के अनुरोध पर मंत्री समूह ने लगभग 2000 कैंसर पीड़ित और 1000 गुर्दा पीड़ितों को भी मुआवजा देने पर सहमति जताई।
इस तरह लगभग 48 हजार पीड़ितों को मुआवजा दिया जाना है। इसके लिए पीड़ितों को 15 दिसम्बर से नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मुआवजा वितरण 19 दिसम्बर से शुरू हो गया है।
भोपाल गैस पीड़ित कल्याण आयुक्त कार्यालय के प्रभारी निबंधक भारत भूषण श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि पहले दिन 80 मरीजों को मुआवजा वितरित किया गया। इन मरीजों के लिए 12 लाख 12 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। यह राशि मरीजों के खातों में जमा की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications