भ्रष्टाचार के खिलाफ उतरें लोग : आडवाणी
चेन्नई, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने रविवार को यहां राजनीतिक दलों और लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि ऐसा न करने पर देश में शांति कायम नहीं हो सकेगी।
आडवाणी ने कहा, "पिछले कुछ महीनों में सभी संवैधानिक संस्थाओं सर्वोच्च न्यायालय, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग), संसद और मीडिया सभी ने देश को परेशान करने वाले एक ही महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाया है और वह मुद्दा राष्ट्रमंडल खेलों, 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन और हाउसिंग सोसायटी घोटाले में भ्रष्टाचार का है।"
एक पुस्तक के विमोचन समारोह से इतर उन्होंने पत्रकारों से कहा कि भ्रष्टाचार एक गंभीर रोग है और इसका मुकाबला सभी लोगों को करना है। राजनीतिक दल यदि भ्रष्टाचार की लड़ाई में आगे नहीं आते तो देश में शांति कायम नहीं हो सकेगी।
आडवाणी ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चला रही है और वह इसे जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि संसद के मानसून सत्र में भाजपा ने महंगाई और शीतकालीन सत्र में भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाया।
इसके पहले पूर्व सांसद एरा सेझियान द्वारा तैयार और संपादित पुस्तक 'शाह कमीशन रिपोर्ट : लॉस्ट, एंड रिगेन्ड' का विमोचन करते हुए आडवाणी ने कहा, "भारत सरकार ने शाह कमीशन रिपोर्ट की सभी प्रतियां पुस्तकालयों और अपने कार्यालयों से हटा लिया है। इस लिहाज से यह पुस्तक लोकतंत्र की सेवा में काफी महत्वपूर्ण होगी।"
उल्लेखनीय है कि जनता पार्टी की सरकार ने वर्ष 1977 में आपातकाल के समय (1975-77) में हुईं ज्यादतियों की जांच के लिए भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश के नेतृत्व में शाह कमीशन की नियुक्ति की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications