कांग्रेस महाधिवेशन में महिला शक्ति का दिखा अभाव! (झलकियां)
नई दिल्ली, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के लिए अपनी प्रतिबद्धता लगातार दोहराई है, लेकिन बुराड़ी में चल रहे पार्टी के महाधिवेशन में रविवार को उनकी इस प्रतिबद्धता की झलक मुश्किल से नजर आई।
महाधिवेशन के मंच पर करीब 100 शीर्ष नेता विराजमान थे, इनमें महिलाओं की संख्या 10 से भी कम थी। जबकि 1,200 कांग्रेस सदस्यों में महिलाओं की संख्या 20 प्रतिशत से अधिक नहीं थी।
मंच पर पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी के अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, विद्या स्टोक्स, रीता बहुगुणा जोशी और जयंती नटराजन मौजूद थीं।
महिलाओं के कम प्रतिनिधित्व पर पूछे गए सवाल पर एक कांग्रेस सदस्य ने कहा, "किसी समारोह में केवल सोनिया गांधी का होना काफी है। उनका प्रभाव अन्य किसी कांग्रेसी नेता से कहीं अधिक है।"
महाधिवेशन पर 15 करोड़ रुपये खर्च? :
बुराड़ी में चल रहा कांग्रेस का 83वां महाधिवेशन साधारण लेकिन विशाल मालूम दिख रहा है। समारोह के प्रबंधकों का कहना है दो दिनों के इस आयोजन पर करीब 15 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
मैदान में बड़े बड़े कटआउट्स लगे हैं, बैठने की व्यवस्था जमीन पर की गई है। भगवा, सफेद और हरे रंग से युक्त कांग्रेस का झंडा पूरे परिसर में अटा पड़ा है। यहां तक कि तम्बू और खंभे को भी पार्टी का रंग दिया गया है।
दिल्ली कांग्रेस के एक सदस्य ने आईएएनएस को बताया, "हमने एक साधारण मंच का निर्माण किया है। पार्टी की संस्कृति और परंपरा प्रदर्शित करने के लिए मंच के 'दीवान' पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दाहिनी तरफ से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता बैठे थे।"
महात्मा, सुभाष, बोस और राहुल! :
महाधिवेशन के मंच के पृष्ठभाग के लिए रंगों से सजे धजे नेताओं के कटआउ्टस का इस्तेमाल किया गया है।
इनमें महात्मा गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के होर्डिग्स को पुराने नेताओं सुभाष चंद्र बोस, सरोजिनी नायडू, सरदार बल्लभ भाई पटेल और लाल बहादुर शास्त्री की छवियों के साथ रखा गया है।
वहीं, राहुल गांधी के एक बड़े कटआउट को विशेष महत्व देते हुए मंच के समीप रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications